- निशानदेही पर झाड़ियों से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल चाकू व रॉड
- शराब के रुपये व बहू के जेवरात मांगने पर हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहनलालगंज। गदियाना में जवान बेटे संदीप की हत्या के आरोपी पिता माता प्रसाद को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू व लोहे की रॉड झाड़ियों से बरामद कर ली।
डीसीपी दक्षिणी विनीत जायसवाल के मुताबिक, माता प्रसाद उर्फ मातादीन ने सोमवार रात को शराब पीने के लिए जेवरात न देने पर बेटे संदीप को रॉड से वार कर घायल कर दिया था। इसके बाद चाकू से गोदकर मार डाला था। इस दौरान तीन माह के पोते को भी मारने की कोशिश की थी। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला था। पुलिस ने बुधवार को हुलासखेड़ा से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
असम भागने की फिराक में था आरोपी
इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के मुताबिक, पूछताछ में माता प्रसाद ने बताया कि असम भागने की तैयार कर चुका था। पर, रुपये व आधार कार्ड नहीं था। रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। आगे बताया कि शराब के नशे और गुस्से में बेटे की जान ले ली। जब नशा उतरा तो फफककर रो रहा था कि घर का चिराग बुझा दिया।
उजड़ गया परिवार
संदीप की पत्नी ममता ने ससुर पर हत्या का केस दर्ज कराया। थाने में बहू व तीन माह के पोते के साथ बैठी राजरानी ने रोते हुए बताया कि हमारा तो संसार ही उजड़ गया। बेटा दुनिया में नहीं और पति अपने गलत कर्मों के कारण जेल चला गया।