40 पीड़ितों ने दी तहरीर, आर संस के एमडी सहित दस पर जालसाजी का मुकदमा
सस्ते प्लॉट का झांसा देकर 500 करोड़ की ठगी करने वाली कंपनी आर संस इंफ्रालैंड डवलपर्स के खिलाफ 40 और पीड़ितों ने रविवार को गोमतीनगर व गाजीपुर थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने एमडी आशीष श्रीवास्तव सहित दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। गोमतीनगर के इंस्पेक्टर रामसूरत सोनकर के मुताबिक, बलरामपुर निवासी किसान नियाज अहमद के मुताबिक, कंपनी के एमडी आशीष श्रीवास्तव ने उन्हें देवां रोड स्थित जीवनदीप योजना में आसान किस्तों पर प्लॉट देने की बात कही।
नक्शा व अन्य दस्तावेज देखने के बाद उन्होंने एक हजार स्क्वॉयर फीट का प्लॉट बुक कराया और 3.12 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। कब्जा न मिलने पर परेशान होकर नियाज ने एमडी आशीष श्रीवास्तव से मुलाकात की।
आरोप है कि उन्हें धमकी देकर भगा दिया गया। वहीं, डालीगंज की सलमा खानम, रिजर्व पुलिस लाइंस में रहने वाले वसीम अहमद और पलटन छावनी मड़ियांव के मोहिबुल्ला ने गाजीपुर थाने में तहरीर दी।
इसमें सभी पीड़ितों ने बताया कि कंपनी ने उसने डेढ़ से तीन लाख रुपये तक प्लॉट के नाम पर हड़प लिए। पीड़ितों के मुताबिक, आर संस कंपनी का लखनऊ के अलावा बलरामपुर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, फैजाबाद, बलिया, आजमगढ़, वाराणसी और गाजीपुर जनपद में शाखाएं खोलकर जालसाजी का नेटवर्क फैलाया था।
इनके साथ हुई ठगी
इंस्पेक्टर रामसूरत सोनकर ने बताया कि नियाज अहमद के अलावा मो. खालिद, फरजाना बेगम, किरण शर्मा, पवन विश्वकर्मा, अमर बहादुर, कृष्णानंद गुप्ता, संजय कुमार, राघवेंद्र प्रताप सिंह, शिवमूर्ति, शकुंतला देवी, शशिभूषण सिंह, इलियास, राजेश सक्सेना, वाजिद अली, माजिद अली, प्रभात कुमार सिंह, पुष्पलता सिंह, साजिद अली, फैजुल मदार, रामकुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार तिवारी, विनीता खरवार, गीता जयसवाल, दिशा पांडेय, रत्नाकर दुबे, आभा पांडेय, कृष्णानंद सिंह, तौहीद खान, राजीव मिश्र, सुरेंद्र मिश्र, नागेंद्र कुमार यादव, रहमतउल्ला खान, जुबैर अहमद, शकील अहमद, अंजू जायसवाल, धर्मेंद्र सिंह, हिमांशु सिंह और सुरेंद्र बहादुर सिंह।