एयरोनॉटिक्स एंड इंजीनियरिंग कॉलेज के संचालकों पर धोखाधड़ी का केस
सरोजनीनगर के बिजनौर स्थित आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोनॉटिक्स एंड इंजीनियरिंग कॉलेज के खिलाफ छात्रों की तरफ से धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
छात्र दो दिन से कॉलेज प्रबंधन पर बिना मान्यता के प्रवेश लेने के आरोप में शिकायत कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की।
शनिवार को पीड़ित छात्रों ने डीजीपी को प्रार्थनापत्र दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और कॉलेज संचालकों समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों ने कॉलेज के चेयरमैन आरिफ सिद्दीकी, निदेशक तलहा सिद्दीकी, उपनिदेशक अरुण कुमार श्रीवास्तव, मुख्य प्रशिक्षक लाल बहादुर पांडेय व अकाउंटेंट अनिल यादव को नामजद किया है।
आशुतोष पांडेय समेत अन्य छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन ने मई 2018 में एएमई कोर्स में प्रवेश के लिए विज्ञापन दिया था।
कॉलेज प्रबंधन ने भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय से मान्यता का दावा किया था। 24 छात्रों ने कोर्ट में दाखिला लिया।
प्रत्येक छात्र से फीस के 2.75 लाख रुपये व हॉस्टल के 24 हजार रुपये जमा कराए गए थे। बाद में पता चला कि कॉलेज की मान्यता रद्द हो गई है।
छात्रों का आरोप है कि फीस के रुपये वापस मांगने पर कॉलेज प्रबंधन ने धमकाना शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।