लखनऊ। उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग के आदेश पर पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग स्थित राम भरोसे मैकूलाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक श्रीकांत साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कॉलेज प्रबंध समिति के सदस्य रामकुमार सिंह ने उनके खिलाफ शिकायत कर स्कूल की जमीन और अन्य संपत्तियों का नियमों के विपरीत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव को सौंपी गई है।
जांच रिपोर्ट में करीब 21.125 एकड़ जमीन समेत सार्वजनिक न्यास की संपत्तियों के व्यावसायिक इस्तेमाल, एक करोड़ रुपये के पट्टा अनुबंध में से 80 लाख रुपये दूसरी संस्था के खाते में भेजने और 1.05 करोड़ रुपये से अधिक के भुगतान बिना पर्याप्त दस्तावेज के करने का उल्लेख है। 34.05 लाख रुपये की नकद निकासी पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन अनियमितताओं से संस्थान, छात्रों और शिक्षकों के हित प्रभावित हुए हैं। मानवाधिकार आयोग के आदेश पर प्रबंधक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। एसीपी ऋषभ यादव ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।