लखनऊ। ठाकुरगंज के इकबाल नगर में हिस्ट्रीशीटर रजा हुसैन उर्फ हुक्की को पकड़ने गई पुलिस टीम पर शुक्रवार रात हुए हमले में हिस्ट्रीशीटर सहित 12 के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और 7 सीएल एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया है।
डीसीपी पश्चिम राहुल राज के अनुसार, सभी आरोपी घर से भागे हुए हैं। सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रैक की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें तलाश में जुटी हैं। हमला करने वालों में एक महिला का नाम भी है।
दो अगस्त को इकबाल नगर निवासी अली हैदर पर रजा हुसैन ने भाई शहनवाज, फुरकान, शानू, इमरान, दोस्त साहिल, अली अब्बास और ऐनिल के साथ मिल कर हमला किया था। शुक्रवार रात दरोगा अशोक सिंह और सिपाही अनिल कुमार पाल हुक्की को पकड़ने गए थे।
वह डॉ. अंसार क्लीनिक के पास नजर आया गया और दरोगा व सिपाही ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया। पुलिस से बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर ने शोर मचा दिया। हुक्की के घरवालों और अन्य कुछ लोगों ने मिलकर दरोगा व सिपाही पर पथराव कर उसे छुड़वा लिया था।
हमले में दरोगा के हाथ, चेहरे और सिपाही अनिल पाल के सिर और पीठ में चोट लगी है। दरोगा को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि सिपाही का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इनके खिलाफ दर्ज किया गया केस
हुक्की, उसके पिता रियासत बहादुर उर्फ बाबा, भाई शहनवाज, शानू, इमरान उर्फ इम्मो फुरकान, रिश्तेदार कल्लू, अफरोज, कल्लू की पत्नी रुबीना, साहिल, एनिल और अली अब्बास।