लखनऊ। मुरादाबाद के नियामतपुर एकराटिया, मुझपारा निवासी ताजकरा ने शुक्रवार दोपहर गोल्फ क्लब चौराहे के पास आत्मदाह का प्रयास किया था। इस मामले में गौतमपल्ली थाने के दरोगा मंगल सिंह ने शनिवार देर रात ताजकरा को आत्मदाह के लिए उकसाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
ताजकरा का आरोप था कि वर्ष 2004 में उनके चाचा और चचेरे भादयों ने मां लुफुन निशा को अगवा कर मार दिया था। आरोप है कि इसके बाद उनके तीनों भाइयों अयूब अली, आलय अली और नूहन अली का अपहरण कर लिया गया। अभी तक उनके भाइयों का कुछ पता नहीं चल सका है। महिला ने भाइयों की तलाश कर उनसे मुलाकात कराने की मांग की। महिला ने चाचा पर उनकी आठ बीघा जमीन भी हड़प लेने का आरोप लगाया था। कार्रवाई न होने से परेशान होकर वह गोल्फ क्लब चौराहे पर आत्मदाह के लिए परिवार की एक किशोरी और दो साल के बच्चे के साथ पहुंची थीं।