लखनऊ। बाजारखाला इलाके में 31 दिसंबर को चीनी मांझे से युवक के घायल होने पर पर्यावरण व वन्यजीव संरक्षणवादी सैयद अली हसनैन आबदी ने केस दर्ज कराया है। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर नहीं ली थी। सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सैयद अली हसनैन आबादी ने बताया कि 31 दिसंबर की शाम करीब चार बजे बाजारखाला के अनुपमनगर मोतीझील में बाइक सवार ऐशबाग अंश अपार्टमेंट निवासी रज्जन खान चीनी मांझे से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गले में चोट आने पर उन्हें केजीएमयू में भर्ती कराया गया। हसनैन का कहना है कि एक जनवरी को बाजारखाला पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई।
इस पर पुलिस अफसरों को शिकायत डाक के माध्यम से भेजी और सीएम पोर्टल पर भी शिकायत की। बुधवार को चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाने वाले अज्ञात लोगों पर बीएनएस की धारा 125बी और 291 के तहत केस दर्ज किया गया है।
सट्टा लगाकर उड़ाई जाती हैं पतंगें
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई इलाके में सट्टा लगाकर चाइनीज मांझे का प्रयोग कर पतंगबाजी होती है। चाइनीज मांझे से कई बार राहगीर व पक्षी भी घायल हो चुके हैं। उनका कहना है कि घायल रज्जन खान का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि मांझा अगर एक सेंटीमीटर और अंदर उतर जाता तो जान बचना मुश्किल थी।