तेलीबाग। राम भरोसे मैकू लाल हायर सेकेंडरी स्कूल की जमीन के मुआवजे की रकम हड़पने के आरोप में पूर्व प्रबंधक दिवाकर साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश पर पीजीआई पुलिस ने शनिवार को धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में एफआईआर की है।
स्कूल के प्रबंधक-सचिव श्रीकांत साहू ने कोर्ट में गुहार लगाते हुए आरोप लगाया कि खरिका स्थित स्कूल की जमीन वर्ष 1985 में अधिग्रहीत की गई थी। इसके बदले मुआवजा तय हुआ था। तत्कालीन प्रबंधक दिवाकर साहू ने स्कूल के नाम पर मुआवजे की रकम 5,00,472 रुपये और हासिल किए लेकिन पूरी रकम सोसायटी के खाते में जमा नहीं की।
श्रीकांत साहू का आरोप है कि रकम के बारे में कई बार पूछने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सूचना के अधिकार के तहत जानकारी जुटाने पर रकम प्राप्त होने की पुष्टि हुई। इसके बाद रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पूर्व प्रबंधक पर जाली शपथपत्र देकर जमीन पर अपना मालिकाना हक जताने का भी आरोप है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।