राजाजीपुरम। बाजारखाला के करेंहटा निवासी रवि कश्यप ने ऐशबाग स्थित मैक टूल कंपनी के मालिक हर्षित पोलाट और मुंशी अजय साहनी के खिलाफ बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर लापरवाही से मौत की धारा में की गई है।
रवि कश्यप का आरोप है कि दोनों की लापरवाही के कारण उनके पिता हनुमान कश्यप (65) की जान चली गई। हनुमान कश्यप पिछले 45 वर्षों से कंपनी में मजदूरी करते थे। 10 मार्च को आरोपियों ने बिना सुरक्षा उपकरण के उन्हें 20 फीट ऊंचे टिनशेड पर छत की सफाई के लिए चढ़ा दिया। टिन धंसने से उनका संतुलन बिगड़ा और वे सिर के बल नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।