लखनऊ। तहसील प्रशासन का आदेश दीवार से मिटाने के मामले में सरोजनीनगर तहसीलदार सुखबीर सिंह के निर्देश पर आरोपी बकायेदार बिल्डर के प्रतिनिधि के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सरोजनीनगर तहसील के संग्रह अमीन अवनीश कुमार के अनुसार मेसर्स सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स लिमिटेड पर रेरा का लगभग 21 लाख रुपये बकाया है। वसूली के लिए आरसी-36 जारी की गई थी। इसके बाद संस्था ने केवल पांच लाख रुपये ही सरकारी कोष में जमा किए। शेष बकाया न चुकाने पर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बिल्डर का कार्यालय सीज कर दिया था और उपजिलाधिकारी का आदेश कार्यालय की दीवार पर चस्पा कराया गया था। आरोप है कि कंपनी प्रतिनिधि अफजल ने जानबूझकर उपजिलाधिकारी के लिखित आदेश को दीवार से मिटवा दिया और उस पर पेंट करा दिया।
तहसीलदार का कहना है कि यह कृत्य न केवल सरकारी आदेश की अवहेलना है, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा और अभिलेख से छेड़छाड़ की श्रेणी में आता है। तेलीबाग चौकी प्रभारी दिनकर वर्मा ने बताया कि संग्रह अमीन की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।