असहिष्णुता को लेकर दिए गए बयान को लेकर आमिर खान का विरोध यूपी में भी शुरू हो गया। लखनऊ में आमिर के खिलाफ तहरीर दी गई वहीं कानपुर में भी वाद दाखिल किया गया है।
अभिनेता आमिर के खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में प्रवीण अवस्थी नाम के युवक ने तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक आमिर ने जो बयान दिया है वो देश और देशवासियों के विरुद्ध है।
उन्होंने आमिर खान के खिलाफ देशद्रोह और अखंडता नष्ट करने की प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की अपील की।
आलमबाग के रहने वाले प्रवीण कुमार अवस्थी का कहना है है देशवासी भाईचारे की मिसाल हैं। आमिर का ऐसा बयान उनके बीच दरार डालने की कोशिश है।
तहरीर में ये भी लिखा कि हमारे समाज में असहिष्णुता कहीं से भी नहीं दिखाई देती। आमिर खान एक प्रतिष्ठित और ख्याति प्राप्त व्यक्ति हैं, उनके ऐसे बयान से देश की अखंडता को खतरा है।
वहीं कानपुर में भी अधिवक्ता मनोज दीक्षित ने आमिर खान के खिलाफ कानपुर कोर्ट में देशद्रोह का वाद दाखिल किया है। अधिवक्ता मनोज पहले भी आमिर की फिल्म पीके के पोस्टर में कथित अश्लीलता को लेकर मुकदमा दायर कर चुके हैं।