मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों से मुठभेड़ में शहीद हुए मुजफ्फरनगर के जवान प्रशांत शर्मा के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का एलान भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रशांत शर्मा के शौर्य व वीरता को नमन करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने जिले की एक सड़क का नामकरण शहीद के नाम पर करने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद के सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने प्रशांत शर्मा के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।