लखनऊ। एलडीए के रिकॉर्ड से भूखंडों की फाइलें गायब होने का सिलसिला जारी है। गोमतीनगर विस्तार योजना के सेक्टर छह के 16 भूखंडों की फाइलें गुम होने के बाद अब जानकीरपुरम, कानपुर रोड व सीतापुर रोड योजना की 15 भूखंडों की फाइलें नहीं मिल रही हैं।
इन संपत्तियों के पंजीकरण व लान, आवंटन, जमा रकम के चालान व फ्रीहोल्ड निबंधन आदि के दस्तावेज प्राधिकरण के पास नहीं हैं। कम्प्यूटर में भी इनका रिकॉर्ड नहीं है। एसटीएफ की ओर से की जा रही जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है।
फाइलों के गायब होने पर हडकंप मचा तो एलडीए ने शुक्रवार को सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया। इसमें कहा गया है कि किसी के पास संबंधित भूखंडों के स्वामित्व से संबधित दस्तावेज हैं तो वे 15 दिनों में एलडीए में इन्हें उपलब्ध कराएं। इन संपत्तियों के दस्तावेज न होने पर इन्हें खाली मानकर प्राधिकरण अपना कब्जा लेकर नीलाम कर देगा।
शिकायतों पर जांच कर रही है एसटीएफ
फर्जी रजिस्ट्री और समायोजन की शिकायत पर एसटीएफ की ओर से जांच की जा रही है। उसकी ओर से एलडीए से भूखंडों से संबंधित रिकॉर्ड मांगा गया है। अब खुलासा हो रहा है कि प्राधिकरण के पास जांच से जुड़ी संपत्तियों के रिकॉर्ड ही नहीं हैं। एलडीए ने भूखंडों को कब्जे में लेने से पहले सार्वजनिक सूचना प्रकाशित की है। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा और उप सचिव अतुल कृष्ण सिंह की ओर से जारी नोटिस में भूखंड से संबंधित स्वामित्व के दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए 15 दिन का मौका दिया गया है। उपसचिव अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि संपत्तियों के रिकॉर्ड न मिलने पर सार्वजनिक सूचना प्रकाशित की गई है।
इन भूखंडों की फाइलें गायब
विकल्प खंड में 3/138, 3/508, 3/513, विनीत खंड में 5/69, 5/174, विराज खंड में 2/89, 2/150, वास्तु खंड में 3/583, 3/645, विनम्र खंड में 1/266, 1/275, विभूति खंड में डी-2/124, कानपुर रोड योजना में 1148 सेक्टर जी, जानकीपुरम योजना में 319 सेक्टर एच व सीतापुर रोड योजना में भूखंड संख्या 1/272 सेक्टर जी के दस्तावेज गायब हैं।