लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के वलौली गांव में स्थित एक ढाबे के पास सोमवार देर शाम दो पक्षों में रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने मारपीट के दौरान पचास हजार रुपए छीनने का भी आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
सुभानबेग का पुरवा मजरे बहाई गांव निवासी सुनील ने बताया कि वह गंगा एक्सप्रेस वे में ठेकेदारी करता है। सोमवार शाम साइट से वलौली गांव स्थित अपनी दुकान पर पहुंचा। जहां उसरहा का पुरवा मजरे महमदमऊ गांव निवासी किशोर, अनिल विमल व अमर बहादुर अपने 10 अज्ञात साथियों के साथ आ धमके और उससे मारपीट करने लगे। इस दौरान उसके पचास हजार रुपए भी छीन लिए गए।
वहीं दूसरे पक्ष से किशोर ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी पर मजदूरी हड़पने का आरोप लगाया। बताया कि रुपये मांगने पर आरोपी ने मारपीट की है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामला मारपीट का है, रुपये छीनने का आरोप गलत है।
हमीरपुर में अंबेडकर सम्मान यात्रा निकालते हुए कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। स्रोत : संवाद