लखनऊ। काकोरी के रहमानखेड़ा फार्म जाने वाले मार्ग पर रेलवे पटरी किनारे बृहस्पतिवार अपराह्न साढ़े तीन बजे बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में सुपरवाइजर के पद पर तैनात युवती संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिली। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां इलाज जारी है। ठाकुरगंज के न्यू हैदरगंज फरीदपुर निवासी और निरालानगर स्थित शिक्षण संस्था में बाबू के पद पर कार्यरत प्रेम शंकर ने बताया कि रोज की तरह वह बेटी कोमल रावत (29) को आलमनगर रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे बरेली एक्सप्रेस में बैठाकर लौट आए थे। उसका मोबाइल फोन अचानक बंद हो जाने पर उन्होंने उसकी लोकेशन ट्रेस कर तलाश शुरू की। आखिरी लोकेशन रहमानखेड़ा फार्म के पास रेलवे पटरी किनारे मिली।
काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो पास के रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारियों को नंबर देकर हरदोई रोड स्थित मोतीनगर चौराहा चले गए। कुछ देर बाद रेलवे फाटक कर्मियों ने सूचना दी कि रेलवे ट्रैक के पास बकरी चरा रहे पालकों ने एक युवती को घायल अवस्था में देखा है।
पहचान होने पर परिजन पुलिस की मदद से पहले कोमल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने व युवती के होश में आने के बाद बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज होने से जुड़ा संभावित मामला
प्रेम शंकर ने बताया कि बीते 19 दिसंबर 2025 को कोमल ने अपने ही कार्यालय में कार्यरत क्लर्क कमल के खिलाफ हरदोई शहर कोतवाली में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थी। आरोपी क्लर्क की पोस्टिंग हरदोई देहात में थी, लेकिन वह जुगाड़ के जरिये शहर में ही तैनात था। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों ने उसका तबादला देहात कर दिया है।