लखनऊ। पारा में मंगलवार शाम खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताने वाले हरीश सिंह पर एमएड की छात्रा का अपहरण, मारपीट व कपड़े फाड़ने का आरोप लगा है। घटनास्थल से करीब 95 किलोमीटर दूर कानपुर के अरौल क्षेत्र में छात्रा आरोपी से बचकर निकली और पुलिस को सूचना दी। पारा पुलिस बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से मध्य प्रदेश निवासी छात्रा पारा में किराये पर रहकर एमएड कर रही है। उसने जनवरी में अनुज सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अनुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। छात्रा के मुताबिक, दो दिन पहले हरीश सिंह जेल में अनुज से मिला था। इसके बाद से वह उसका पीछा कर रहा था।
आरोप है कि मंगलवार शाम हरीश छात्रा के कमरे में पहुंचा और उसका मोबाइल लेकर चला गया। कुछ देर बाद कार से घर के बाहर पहुंचकर दूसरे मोबाइल पर फोन किया और मोबाइल लेने के लिए बाहर बुलाया। छात्रा के बाहर आते ही उसने पिस्टल दिखाकर कार में बैठा लिया। रास्ते में उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। अरौल में पेट्रोल पंप पर कार रुकने के दौरान छात्रा किसी तरह बाहर निकल गई। शोर सुनकर लोग जुटे तो आरोपी कार लेकर भाग गया।
छात्रा ने यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस उसे अरौल थाने ले गई, जहां से साथी उसे लखनऊ लेकर आए। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं।