केजीएमयू में महिला मरीज से छेड़छाड़
लखनऊ। केजीएमयू के मानसिक रोग विभाग में भर्ती महिला मरीज के साथ 14 जनवरी की सुबह सफाईकर्मी ने बाथरूम में अश्लीलता करते हुए जोर-जबरदस्ती का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। महिला मरीज ने बुधवार को वजीरगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
आलमबाग इलाके में रहने वाली युवती 27 दिसंबर से मानसिक रोग विभाग में भर्ती हैं। उनके अनुसार 14 जनवरी की सुबह दस बजे वह बाथरूम गई थीं। वहां मौजूद संविदा पर तैनात सफाईकर्मी शक्ति ने उनको पकड़ लिया और अश्लीलता करते हुए गलत काम करने का प्रयास किया।
युवती ने मदद के लिए शोर मचाया तो आरोपी भाग निकला। पीड़िता ने इस बारे में अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। बुधवार को उन्होंने वजीरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर वजीरगंज दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी है।