लखनऊ। गुडंबा थाने में तैनात महिला आरक्षी शशि चौहान ने खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले युवक पर फोन के जरिये गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी ने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और उसकी नौकरी तक खत्म कराने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर मंगलवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
महिला आरक्षी शशि चौहान के अनुसार, 22 जून 2024 की रात वह रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आवास पर थीं। घर पर भैया और भाभी में किसी बात पर कहासुनी हो गई, इसी दौरान रात करीब 11:15 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को जिला बहराइच के दरगाह शरीफ थाने में तैनात हेड मोहर्रिर विनोद चौहान बताया। विनोद ने उसे अपने भाई को समझाने की बात कही। आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए महिला आरक्षी को पुलिस विभाग में नौकरी करना मुश्किल कराने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक कॉल काटने के बाद भी आरोपी ने लगातार कई बार फोन किया। नंबर ब्लॉक करने पर वह दूसरे नंबरों से कॉल करता रहा, जिससे परेशान होकर उन्होंने फोन फ्लाइट मोड पर कर दिया।
महिला आरक्षी ने 10 जुलाई 2024 को पुलिस उपायुक्त उत्तरी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में जांच के आदेश भी दिए गए थे। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला आरक्षी ने आरोप लगाया कि 8 फरवरी 2025 को आरोपी विनोद चौहान गुडंबा थाने पहुंचा और उसे खुलेआम धमकी दी। उनका कहना है कि विनोद चौहान उनकी भाभी का पूर्व प्रेमी है और इसी कारण वह लंबे समय से उनके परिवार को परेशान कर रहा है। आरोपी की वजह से उनके भाई-भाभी अलग हो गए।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद है। विनोद महिला आरक्षी की भाभी का ममेरा भाई है। मामले की जांच की जा रही है।