लखनऊ। मेरठ से असलहे लेकर आ रही जौनपुर सरपतहा रुदौली निवासी मुस्कान को एसटीएफ ने बुधवार को कैसरबाग बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के पास से 32 बोर की चार पिस्टल, सात मैगजीन और एक मोबाइल फोन मिला है। आरोपी महिला को एसटीएफ पहले भी असलहा तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।
एसटीएफ के एडिशनल एसपी विशाल विक्रम सिंह के मुताबिक, 20 नंबर 2024 को एसटीएफ ने असलहा तस्करी के मामले में सुल्तानपुर जनपद से गाजीपुर निवासी अंकित कुमार पांडेय, 15 दिसंबर 2024 को मुस्कान तिवारी और उसके साथी सत्यम यादव को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में सामने आया था कि जौनपुर के सरपतहा जुड़ापुर निवासी शुभम सिंह गैंग का सरगना है। आरोपी मुस्कान, जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से शुभम के कहने पर असलहा तस्करी करने लगी। एसटीएफ ने सूचना पर बुधवार सुबह महिला को कैसरबाग बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
50 हजार रुपये असलहा जौनपुर पहुंचाने के मिलने थे
पूछताछ में मुस्कान ने बताया कि शुभम सिंह के कहने पर वह मेरठ से एक युवक से चार पिस्टल व मैगजीन लेकर जौनपुर के शाहगंज सप्लाई करने जा रही थी। इसके एवज में उसे शुभम से 50 हजार रुपये मिलने थे। बरामद एक पिस्टल की कीमत डेढ़ लाख रुपये है। पहले दो-दो लोगों का गुट मिलकर असलहा तस्करी करता था। पकड़े जाने के बाद शुभम ने सभी को अलग-अलग काम करने की हिदायत दी थी।
शुभम के कहने पर ही मेरठ से अकेले असलहा लेकर जौनपुर जा रही थी। पहले भी कई बार बताए गए ठिकानों पर असलहा व कारतूस सप्लाई कर चुकी है। एसटीएफ ने आरोपी मुस्कान को वजीरगंज पुलिस के हवाले कर दिया है। यहां महिला के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। गैंग से जुड़े अन्य लोगों और असलहा खरीदने वालों के बारे में एसटीएफ की टीम पता लगा रही है।