मुलायम सिंह यादव- अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद समाजवादी पार्टी में ओवरहालिंग शुरू हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में हार के कारणों पर मंथन किया। अखिलेश ने कई पूर्व मंत्रियों, विधायकों व अन्य नेताओं से फीडबैक लेकर चारों यूथ संगठनों को भंग कर दिया है। हालांकि अभी इसकी अधिकृत घोषणा नहीं हुई है।
लोकसभा चुनाव में पार्टी के सिर्फ पांच सांसद जीते हैं। परिवार के सदस्यों में डिंम्पल, धर्मेंद्र व अक्षय यादव की हार हुई है। हार के कारणों को जानने के लिए अखिलेश यादव के साथ मुलायम सिंह भी पार्टी मुख्यालय पहुंचे।
पिता-पुत्र विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, अरविंद सिंह गोप, अवधेश प्रसाद, योगेश प्रताप सिंह, विधायक मनोज पारस समेत कई नेताओं से अकेले मिले और साथ में बैठकें कीं। माना जा रहा है कि जल्द ही जिला या लोकसभा क्षेत्रवार प्रमुख नेताओं को बुलाकर हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी।