मोहनलालगंज और राजाजीपुरम में भूमिगत फाॅल्ट खोजते कर्मचारी।
- फोटो : संवाद
लखनऊ। राजधानी में बृहस्पतिवार आधी रात से शुक्रवार दोपहर तक 13 भूमिगत लाइनों में फॉल्ट आया। इससे अलग-अलग इलाकों की कुल दो लाख की आबादी की बिजली गुल हुई। कई उपकेंद्र भी काफी देर तक ठप रहे। उपभोक्ताओं को एक से तीन घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।जिन लाइनों में फॉल्ट आया उनमें हुसैनगंज से चारबाग, कूपर रोड से लोक निर्माण विभाग, न्यू राजाजीपुरम से हैदरगंज, घंटाघर से मोहनीपुरवा, महानगर से डंडहिया, महिला पॉलीटेक्निक से लोहिया विहार और विश्वासखंड गोमतीनगर से जेटीआरआई 11 केवी फीडर शामिल थे। इसी प्रकार जिन उपकेंद्रों की 33 केवी लाइन में अवरोध आया उनमें गोसाईंगंज, शारदानगर, वृंदावन सेक्टर-5डी, गहरू, अंसल शामिल रहे। अफसरों ने बताया कि कुछ फॉल्ट तो शुक्रवार सुबह हुई बारिश के दौरान और कुछ तकनीकी खामी से आए।2000 परिवार ढाई घंटे झेला बिजली संकट : न्यू राजाजीपुरम पाल तिराहा उपकेंद्र के तहत न्यू हैदरगंज फीडर में आए फॉल्ट के कारण बृहस्पतिवार रात 1:40 से शुक्रवार तड़के 4:40 बजे तक पूरी तरह से बिजली ठप रही। वाहन की टक्कर से खंभा टूटा : अहिबरनपुर उपकेंद्र के शिवनगर नगर में शुक्रवार पूर्वाह्न 11:30 बजे वाहन की टक्कर से खंभा टूट गया जिससे कई घंटे तक उपभोक्ताओं की बिजली गुल रही। इसी प्रकार सुभाष पार्क महानगर उपकेंद्र से डंडहिया फीडर में सुबह 5:40 से ब्रेकडाउन आ गया। इससे करीब एक घंटे तक डंडहिया व रहीमनगर के आसपास की बिजली बाधित रही।
ट्रांसफार्मर फुंका, 70 घरों की बिजली गुल
भीषण उमस और गर्मी के बीच शुक्रवार तड़के ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से सम्राट सिटी, इटौली और इस्मत कॉलोनी के करीब 70 घरों की बिजली गुल हो गई। तड़के तीन बजे से ठप हुई बिजली के कारण लोगों का दिनभर गर्मी और उमस से बुरा हाल रहा। कुछ ही घंटों में इनवर्टर भी जवाब दे गए। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीओ संदीप वर्मा ने बताया ट्रांसफार्मर में गंभीर फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है जिसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मोहनलालगंज और राजाजीपुरम में भूमिगत फाॅल्ट खोजते कर्मचारी। - फोटो : संवाद