लखनऊ। राजधानी में बारिश के कारण बुधवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सुल्तानपुर रोड स्थित अंसल टाउनशिप में 33 केवी लाइन में फॉल्ट से रात करीब पौने आठ बजे अंधेरा छा गया। जनरेटर से कुछ अपार्टमेंट रोशन हुए, पर सभी उपकरणों का लोड नहीं चल सका जिससे काफी परेशानी हुई।
अंसल को मलेशेमऊ ट्रांसमिशन उपकेंद्र से बिजली मिलती है। सिंगल स्रोत के कारण अंसल का बड़ा हिस्सा रात करीब नौ बजे तक अंधेरे में रहा। अहिबरनपुर उपकेंद्र के एक 10 एमवीए ट्रांसफार्मर में भी खराबी आई। हालांकि, बिजली का लोड कम होने से उपभोक्ताओं को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
वहीं, जीटीआई बांसमंडी उपकेंद्र के तहत टैक्सी स्टैंड के पास फॉल्ट से आसपास के इलाकों में काफी देर तक बिजली गुल रही। राजाजीपुरम, तालकटोरा रोड, टिकैतराय तालाब, मेंहदीगंज, नूरबाड़ी, सहादतगंज, दरगाह रोड व नौबस्ता सहित आसपास के उपभोक्ताओं को भी बिजली संकट का सामना करना पड़ा। नादान महल रोड, यहियागंज, ऐशबाग और कुंडरी रकाबगंज आदि में पेटी व एबीसी जलने के कारण बिजली आपूर्ति में बाधा आई।