लखनऊ। जिला जेल में बंद बेटे से मिलकर बाहर निकल रहे पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जेलर ने आनन-फानन एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूलरूप से गोंडा के करनैलगंज स्थित खतरीपुर चचेरी निवासी राजेश निगम (50) बेटे विकास निगम के साथ चिनहट के तकरोही में किराये के मकान में रहते हैं। वह अपने बेटे के साथ मजदूरी करते हैं। इंदिरानगर पुलिस ने चार दिसंबर को चोरी के मामले में विकास को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उससे मिलने के लिए राजेश बुधवार सुबह अपने दामाद महेश के साथ जिला जेल पहुंचे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वह बेटे से मिलकर दामाद के साथ बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मुलाकात कक्ष में बेहोश होकर गिर पड़े। जेल कर्मियों की सूचना पर जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी तत्काल मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से राजेश को लेकर गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचे। डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी ऊषा निगम के अलावा जेल में बंद बेटा विकास निगम के अलावा तीन बेटियां हैं।
जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजेश की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।