लखनऊ। इंसान के जज्बे के आगे दुश्वारियां बौनी साबित होती हैं। आईसीएसई की परीक्षा में 99.4 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली राजाजीपुरम की एलडीए कॉलोनी निवासी फरीन खान इसकी मिसाल हैं।
सीएमएस राजाजीपुरम की छात्रा फरीन बताती हैं कि सात वर्ष पहले पिता जाहिद खान की मृत्यु के बाद मां आयशा खान ने संघर्षों के बीच उन्हें पढ़ाया। वह घर पर उनकी पढ़ाई का ध्यान रखती थीं। उन्होंने सफलता का श्रेय नानी को भी दिया। फरीन का कहना है कि पिता का सपना था कि वह आईएएस अफसर बनकर देश की सेवा करे, इसलिए यही लक्ष्य रखा है। इसके लिए जितनी कठोर मेहनत की जरूरत होगी, वह करने के लिए तैयार हैं। फरीन ने बताया कि घर पर रोजाना तीन से चार घंटे नियमित पढ़ाई की।