नगराम। नगराम-निगोहां मार्ग के डिघारी मोड़ पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार ससुर व दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रॉमा-टू भेजा गया, जहां सोमवार को ससुर की मौत हो गई।
रायबरेली जनपद के जीगो निवासी सुमित कुमार ने बताया कि पिता ज्ञानचंद्र और बहनोई हरिप्रसाद 11 मार्च को बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। बाइक चला रहे हरिप्रसाद हेलमेट लगाए थे, जबकि ज्ञानचंद पीछे बैठे थे।
इसी दौरान डिघारी मोड़ के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें ट्रॉमा-टू ले जाया गया, जहां ज्ञानचंद्र ने दम तोड़ दिया। हरिप्रसाद की हालत भी नाजुक है। थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि मंगलवार को मिली तहरीर पर कार चालक करोरा निवासी अरुण पाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।