सरोजनीनगर। क्षेत्र के बेहसा गांव में बुधवार दोपहर शराब के लिए रुपये न मिलने से नाराज युवक ने बुजुर्ग पिता पर बांके से हमला कर दिया। उनके गले पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस युवक की तलाश में लगी है। उसने पांच वर्ष पहले दादी की भी हत्या की थी। वह जेल भी गया था।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के मुताबिक संतलाल (60) मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी की पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी है। पांचों बेटियां शादीशुदा हैं। वह इकलौते बेटे नीरज के साथ रहते थे, जो शराब पीने का आदी है। बुधवार दोपहर तीन बजे संतलाल बिजली का बिल जमा कर घर लौटे। तभी नशे में पहुंचा नीरज और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। संतलाल के मना करने पर गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर नीरज ने पास में रखे बांके से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। संतलाल की चीख सुनकर पड़ोसी राहुल चौरसिया पहुंचे। उन्होंने शोर मचाया तो नीरज भागने लगा। राहुल ने काफी दूर तक दौड़ाया, लेकिन नीरज पास के तालाब में बांका फेंककर भाग निकला। सरोजनीनगर पुलिस ने संतराम को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। एसीपी ने बताया कि संतराम के दामाद की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दो टीमें नीरज की तलाश में लगी हैं।
वर्ष 2022 में आरोपी ने की थी दादी की हत्या
ग्रामीणों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि नीरज की शराब की लत से परेशान होकर उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ बिजनौर के चंद्रावल में रह रही है। नीरज ने वर्ष 2022 में दादी चंपा देवी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी थी। वह जेल भी गया था। करीब वर्ष भर पहले संतलाल ने उसे जमानत पर छुड़ाया था। घर में संतलाल और नीरज अलग-अलग रहते हैं। दोनों के मुख्य दरवाजे भी अलग-अलग हैं।