श्रीराम एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण में जनौरा ग्रामसभा के बराबर मुआवजा देने की मांग कर रहे धर्मपुर के किसानों ने सोमवार को नयाघाट पर सरयू नदी में खड़े होकर जल संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद श्रीराम एयरपोर्ट का विस्तारीकरण किया जाना है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया चल रही है। एयरपोर्ट से सटी हुई जनौरा ग्रामसभा की जमीनों का बैनामा कराया जा चुका है। अब धर्मपुर सहादत, कुट्टिया, फिरोजपुर व सरेठी ग्रामसभा की जमीनों की आवश्यकता है। इनमें धर्मपुर सहादत के किसान विगत कई दिनों से कम मुआवजा मिलने को लेकर आंदोलनरत हैं और जनौरा ग्रामसभा की जमीनों के बराबर मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
सोमवार को इसी मामले को लेकर धर्मपुर के किसान काफी संख्या में नयाघाट स्थित सरयू तट पर एकत्र हुए और सरयू नदी में जाकर खड़े हुए। हाथ में जनेऊ पकड़कर सभी ने जल संकल्प लिया, जिसमें सरकार व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। गांव के रामलौट तिवारी, सुभाष तिवारी, दिलीप तिवारी, अशोक तिवारी, शिवपूजन तिवारी, विशेषर तिवारी, राकेश तिवारी, अखिलेश तिवारी आदि ने हाथ में सरयू जल व जनेऊ लेकर कहा कि उत्पीडन किया जा रहा है। कहा कि जिस तरह से सपा सरकार में आगरा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का मुआवजा दिया है, उसी तरह हमें भी सही मुआवजा दिया जाय।