सरोजनीनगर। बिजनौर के कासिमखेड़ा गांव निवासी किसान सतीश यादव के मकान में सेंध लगाकर चोर आठ लाख के जेवर और 65 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है।
सतीश यादव के अनुसार रोज की तरह परिवार के लोग मंगलवार रात खाना खाकर मकान के आगे बने कमरे में सो गए थे। देर रात चोर उनके घर के पीछे के हिस्से में सेंध लगाकर अंदर घुस आए। चोर अलमारी का ताला तोड़कर जेवर व नकदी उठा ले गए। सुबह जब उनकी आंख खुली तो दीवार कटी मिली और कमरे में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर बिजनौर पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर कपिल गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।