किसानों को बीजों पर सब्सिडी का ऑनलाइन भुगतान अगले महीने से शुरू हो जाएगा। इस सिलसिले में शासन स्तर पर सारी तैयारियां कर ली गई हैं। साथ ही पहली किस्त के रूप में 81 करोड़ रुपये भी मंजूर कर दिए गए हैं।
इसमें से 50 करोड़ रुपये कृषि निदेशक को आवंटित करते हुए उन्हें आगे की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दे दिया गया है।
सरकार ने बीजों पर देय सब्सिडी को लेकर आए दिन होने वाली शिकायतों के मद्देनजर इसे किसानों के खाते में ऑनलाइन भुगतान करने का फैसला किया है। इसके तहत सब्सिडी देने की प्रक्रिया में भी बदलाव किया जा चुका है।
अभी तक कृषि विभाग किसानों को सब्सिडी पर बीज मुहैया कराता था, पर अक्सर उस बीज को लेकर शिकायतें सामने आती थीं। बदली व्यवस्था के अनुसार, किसान अब अपनी मनपसंद कंपनी का बीज खरीद सकेगा। बाद में बीज खरीदने के कैशमेमो के आधार पर वह सब्सिडी की रकम सरकार से ले सकेगा।