मोहनलालगंज। कनकहा गांव के किसान हरीलाल (52) का शव बुधवार शाम गांव के किनारे गेहूं के खेत में मिला। वह मंगलवार रात घर से लापता थे। चेहरे और पैरों में चोट के निशान मिले हैं, जिससे ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिजन कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात लगभग 10 बजे पत्नी मालती से विवाद के बाद हरीलाल घर से निकल गए थे। देर तक न लौटने पर बेटे अरुण ने फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। बुधवार दोपहर बहू केतकी ने कनकहा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी। शाम 5:30 बजे चरवाहों ने खेत में शव देखा। सूचना पर पहुंचे बेटे ने शिनाख्त की और डायल 112 पर जानकारी दी। मौके से तारपीन की खाली बोतल मिली। हरीलाल की जेब से 700 रुपये व मोबाइल मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि चार माह पहले जमीन बेचने के बाद से परिवार में विवाद चल रहा था। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पड़ताल में जमीन बेचने की बात सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आठ माह पहले संदिग्ध हालात में बेटे की हुई थी मौत
करीब आठ माह पूर्व किसान के बेटे चेतराम की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं करवाया था। ऐसे में उस मामले की विस्तृत जांच नहीं हो सकी। अब हरीलाल का शव गांव के बाहर खेत में मिलने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
हरीलाल की फाइल फोटो।