लखनऊ। जिले में फार्मर रजिस्ट्री का काम सुस्त गति से चल रहा है। जिले के 2.48 लाख किसानों में से अभी तक 1,48,731 किसान यह रजिस्ट्री करा सके हैं। इनमें से 132,022 किसान ऐसे हैं, जिन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।
जिले के 16,844 किसान ऐसे भी हैं, जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के लिए आवेदन किया है। हालांकि, अभी तक इन्हें सम्मान निधि नहीं मिली है। फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले 6709 किसानों के अभिलेख सत्यापन के लिए लंबित पड़े हैं। संयुक्त कृषि निदेशक (शोध एवं मृदा परीक्षण) अनिल कुमार सागर ने इन्हें जल्द सत्यापित कर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री होगी।
तहसीलवार फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति
तहसील फार्मर रजिस्ट्री सम्मान निधि पाने वाले किसान
बक्शी का तालाब 28,484 23256
मलिहाबाद 43823 40106
मोहनलालगंज 44539 40551
सदर 12695 11373
सरोजनीनगर 19372 16736
फार्मर रजिस्ट्री के लिए ये दस्तावेज चाहिए
आधार कार्ड, खसरा-खतौनी, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर।
ये होंगे लाभ
- हर किसान की अपनी डिजिटल पहचान होगी।
- विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना सत्यापन के मिलेगा।
- न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पादों की बिक्री में सरलीकरण।
- फसल नुकसान की स्थिति में वास्तविक क्षतिपूर्ति मुआवजे की सुविधा।
- पीएम किसान सम्मान निधि योजना का निर्बाध रूप से लाभ प्राप्त करने में सुविधा।