मलिहाबाद। हाफिजखेड़ा गांव के पास रविवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़े किसान पुनई रावत (50) की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने पीछाकर दुबग्गा क्षेत्र में कार रुकवाई और चालक की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया है।
माल के दलथंबा निवासी पुनई कई दिनों से अपनी ससुराल हाफिजखेड़ा में रह रहे थे। उनके बेटे सुभाष ने बताया कि रविवार शाम पिता चचेरे भाई बउवा के साथ मां पराना के लिए दवा लेने कसमंडी जा रहे थे। हाफिजखेड़ा के पास बउवा ने सड़क किनारे बाइक रोकी और गुमटी से पान मसाला खरीदने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पिता को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक की पिटाई करने वाले लोग भाग निकले। कार कब्जे में ले ली गई है। किसान के परिवार में पत्नी पराना और चार बेटे हैं। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।