रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई। किसान के भाई ने कोतवाली में तहरीर दी है। प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के साहिल तिवारीपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार (35) पुत्र रामपाल मौर्य किसान थे।
बृहस्पतिवार को उनके फुफेरे भाई की हल्दी रस्म थी। इसमें शामिल होने वे कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर गांव आए थे। हल्दी रस्म पूरी कर रात में बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मदारीगंज के पास अज्ञात वाहन से बाइक में टक्कर लग गई। सड़क पर गिरने से प्रवीण के सिर व बदन पर गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर मौके पर गई पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों का हाल बेहाल है। मृतक किसान के भाई अखिलेश मौर्य ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। ऊंचाहार कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि वाहन की टक्कर लगने से किसान की मौत हुई है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है।