काकोरी। शिवरी गांव के पास से गुजरे मोहन-उन्नाव हाईवे पर शनिवार देर रात करीब 11 बजे सड़क पार करते समय वाहन की टक्कर से किसान रामखेलावन रावत (35) की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, रामखेलावन रावत शनिवार रात शौच के लिए पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वह करीब दस फीट दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। हादसे की आवाज सुन स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और रामखेलावन को ठाकुरगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार देर रात उनकी मौत हो गई।
रामखेलावन के भतीजे राहुल ने बताया हाईवे पर न तो सफेद पट्टी बनी है और न ही गांव के बाहर स्पीड ब्रेकर है। तेज रफ्तार वाहनों के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द ही स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। परिवार में पत्नी सीमा, दो बेटे और एक बेटी हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।