लखनऊ। बीबीडी इलाके के अपार्टमेंट में रहने वाली युवती ने दुकानदार के कर्मचारी पर छेड़खानी का आरोप लगाया। पीड़िता ने बीबीडी इंस्पेक्टर पर भी उनके पिता को धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। युवती के अनुसार, 11 अप्रैल को रात नौ बजे बिजली जाने पर वह परिवार के साथ सोसाइटी परिसर में थी। आरोप है कि सोसाइटी के बाहर स्थित सुनील कुमार पांडेय की दुकान के कर्मचारी राजीव मौर्य ने उनसे छेड़खानी की। विरोध करने पर राजीव के साथ निक्की पांडेय, रिंकू, रेनू, ममता और खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले का बेटा पिता से गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि इंस्पेक्टर राम सिंह ने पिता को दस लाख रुपये पाबंद करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राम सिंह ने छेड़खानी के आरोप को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, इसलिए दोनों पक्षों को पाबंद करने की बात कही गई। मामले की विवेचना की जा रही है।