आर्थिक तंगी में नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव नसरुल्लागढ़ में तीन बच्चों के पिता ने पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक छोटा किसान था और पिछले कुछ दिनों से परेशान था।
नसरुल्लागढ़ निवासी प्रवीण सैनी (34) शुक्रवार सुबह घर से कहीं गया था। रात तक भी वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रात भर उसे तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
शनिवार की सुबह करीब छह बजे प्रवीण का बारह वर्षीय पुत्र अजय अपने खेत पर पहुंचा तो वहां उसने पिता को एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूलते देखा।
बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और शव को उतार कर घर ले आए।
इस बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। गांव में पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।