राजधानी में 12 अगस्त से सिटी बस का सफर महंगा हो सकता है। इसके किराये
में सात फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, बृहस्पतिवार को बेलगाम
ऑटो-टैंपो के परमिट निरस्त हो सकते हैं।
लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी द्वारा किराये में सात फीसदी की
बढ़ोतरी के प्रस्ताव को राज्य परिवहन प्राधिकरण मंजूरी प्रदान कर सकता है।
इसके लिए परिवहन आयुक्त ने 12 अगस्त को प्राधिकरण की बैठक का आयोजन किया
है।
वहीं, अधिक किराया वसूलने और ओवर लोडिंग में पकड़े गए ऑटो-टैंपो के
परमिट निरस्त हो सकते हैं। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के अध्यक्ष
एवं लखनऊ मंडलायुक्त ने बृहस्पतिवार को बैठक बुलाई है।
बैठक में लेडी कैब
का परमिट भी जारी हो सकता है। उधर मंडलायुक्त एवं लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट
सर्विसेज के अध्यक्ष संजीव सरन ने सिटी बसों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान
देने और आय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।