इकौना (श्रावस्ती)। कटरा बाजार निवासी परिषदीय शिक्षक ने शनिवार दोपहर घर पर तमंचे से फायर कर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस अब तक शिक्षक की मौत का कारण तलाश नहीं सकी है। ऐसे में शिक्षक की मौत का कारण पारिवारिक कलह था कि कुछ और इसकी गुत्थी अभी अनसुलझी है।
नवीन मॉडर्न थाना कटरा के ग्राम अमारे भरिया के मजरा पुरैनिया निवासी राम लखन कुरील के तीन पुत्र थे। इसमें बड़ा बेटा पप्पू व छोटा बेटा संदीप उर्फ छोटू है। जो खेती किसानी का काम करते हें। ये दोनों गांव में ही रहते हैं। जबकि दूसरा बेटा रंदीप सिंह कुरील बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक था। इनकी नियुक्ति जौनपुर जिले में हुई थी। वर्ष 2021 में वह स्थानांतरण कराकर श्रावस्ती आए थे। जहां वह कटरा स्थित अपने पैतृक आवास पर मां व परिवार के साथ रहते थे। इनकी तैनाती इकौना के प्राथमिक विद्यालय बेलहा राघव में सहायक शिक्षक के पद पर थी। जबकि पत्नी नीलम अमार भरिया में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। शनिवार को रंदीप ने खुद को तमंचे से गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी।
शिक्षक की मां विमला देवी के मुताबिक रंदीप जब से स्थानांतरण कराकर कटरा लौटे तब से वह शराब के आदी हो गए थे। शराब के नशे में आए दिन वह परिवार में लड़ाई-झगड़ा करते थे। विगत एक सप्ताह से वह पूरी तरह शराब में धुत रहने लगे। खाना देने जाओ तो कभी थाली फेंकते तो कभी कपड़े। पड़ोसियों के अनुसार, दंपती में ही किसी बात को लेकर विवाद था। एक वर्ष पूर्व नीलम ने स्थानीय थाने में प्रार्थनापत्र देकर उनपर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने समझौता करा दिया था। लेकिन लड़ाई-झगड़ा आए दिन जारी रहा। संभव है इन्हीं कारणों से शिक्षक ने इतना बड़ा कदम उठाया हो।