अमेठी सिटी। थाना क्षेत्र गौरीगंज के एक वार्ड में शनिवार शाम आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इससे दो किशोर घायल हो गए।
कस्बा स्थित एक मित्र के घर जन्मदिन पार्टी में पहुंचे दो किशोरों के बीच देर शाम कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव करते हुए चाकू से हमले में घायल दो किशोरों को जिला अस्पताल पहुंचाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
अस्पताल में दोनों का उपचार व चिकित्सीय परीक्षण के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया। इसके बाद रविवार को एक पक्ष ने दो किशोरों पर तो दूसरे पक्ष ने एक किशोर के खिलाफ तहरीर दी। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।