लखनऊ। बकरीद पर कुर्बानी के जानवर बांधने के विवाद में दबंगों ने दूसरे समुदाय के एक परिवार को पीट दिया। पीड़ित परिवार की महिलाओं से अभद्रता व छेड़छाड़ की।
पीड़ित ने तीन नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बकरीद के दिन इलाके में पीएसी बल तैनात किया गया था।
पीड़ित के मुताबिक 15 जून की शाम चार बजे सदर कसाईबाड़ा निवासी गुलाम वारिस, बेटे सिराज, मेराज और 50 अज्ञात लोगों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे और उनके दोपहिया वाहनों को गिरा दिया।
उनकी मां ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने धमकी दी और कई जानवर लाकर बांध दिए।
पीड़ित के अनुसार, उनकी भाभी व बहन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता व छेड़छाड़ की। उनके साथ भी मारपीट की।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। 19 जून को उन्होंने गुलाम वारिस, सिराज, मेराज और 50 अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कराया।