कागज पर स्कूल खोल दलित छात्रों की छात्रवृत्ति हड़पने का प्रयास करने के आरोपी स्कूल प्रबंधक कानपुर नगर के गिरिजाशंकर शुक्ला, तत्कालीन उपजिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामनारायण श्रीवास्तव तथा सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी बसंती तिवारी को अदालत ने 7-7 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) एके सिंह ने गिरिजाशंकर पर 25 हजार रुपये तथा रामनारायण व बसंती तिवारी पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
सीबीआई के वकील ने कोर्ट में बताया कि गिरिजाशंकर शुक्ला ने सत्र 1996-97 व 1998-99 के बीच कानपुर के यशोदानगर में कागज पर विमला प्राइमरी स्कूल खोला और खुद उसका प्रबंधक बन गया।
उसने तत्कालीन सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी बसंती तिवारी व उपजिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामनारायण श्रीवास्तव से साठगांठ करके कक्षा एक से पांच तक के दलित व अनुसूचित जाति के 90 छात्रों की सूची बनाई।