लखनऊ। महानगर में सोमवार को फर्जी आईपीएस को गिरफ्तार किया गया। वह गोल मार्केट चौराहे पर चाय की दुकान पर झगड़ा कर रहा था। आरोपी खुद को आईपीएस बताकर चाय विक्रेता और पुलिस पर राैब गांठ रहा था।
इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्र ने बताया कि 13 जून की रात सूचना मिली कि गोल मार्केट चौराहे पर स्थित वीरू गुप्ता की चाय की दुकान पर युवक चाय व बन के रुपये देने की बात पर विवाद कर रहा है। दरोगा आर्यन शर्मा मौके पर पहुंचे तो युवक ने खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस बताया। उसने दरोगा को अर्दब में लेते हुए पूछा कि कैप कहां है? तुम लोगों ने सैल्यूट क्यों नहीं किया? उसने दरोगा को अनुशासनहीनता पर निलंबित करने की धमकी भी दी।
दरोगा के नाम पूछने पर उसने मिथिलेश शुक्ला बताया। आईकार्ड मांगने पर वह घर से लाने की बात कहकर वहां से निकल गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मोबाइल की दुकान पर काम करता है आरोपी
इंस्पेक्टर ने बताया कि सोमवार शाम को फिर उसी दुकान पर विवाद की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मिथिलेश को दुकानदार से झगड़ते देखा। पुलिस उसे थाने ले गई और पूछताछ की। उसने बताया कि वह नोएडा सेक्टर-18 में मोबाइल की दुकान में अकाउंट एग्जीक्यूटिव है। उसके खिलाफ धमकाने और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।