बाराबंकी के एक कॉलेज की शिक्षिका ने बीकॉम की छात्रा को ऑन लाइन क्लास के दौरान फटकार लगा दी थी। इस पर नाराज छात्रा ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शिक्षिका के नाम पर फर्जी आईडी बनाई। दोनों आईडी पर अश्लील कमेंट करने लगी। छात्रा ने शिक्षिका को गालियां भी दीं। कॉल कर उसे बदनाम करने की कोशिश की थी। पीड़िता ने चार महीने पहले गुडंबा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जिसकी जांच साइबर क्राइम सेल ने शुरू की। इस मामले में बृहस्पतिवार को टीम ने छात्रा को पकड़ लिया। उसे फटकार लगाई और चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक गुडंबा फरीद अहमद के मुताबिक शिक्षिका के फर्जी फेसबुक व इंस्टाग्राम की आईडी के प्रकरण की जांच अतिरिक्त निरीक्षक अपराध शिव चरन व साइबर क्राइम सेल के एसआई शिशिर यादव कर रहे थे। सारी जानकारी हासिल करने के बाद दोनों ने अजय प्रताप, रणधीर सिंह, आशीष व गोविंद की टीम बनाई। आईपी एड्रेस ट्रैस कर बृहस्पतिवार को छात्रा को बाराबंकी से पकड़ लिया। साइबर क्राइम सेल के कार्यालय लाकर छात्रा से पूछताछ की गई। छात्रा ने अपनी गलती कुबूल कर ली। उसे हिदायद व नोटिस देकर परिवारीजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक छात्रा ने शिक्षिका की फर्जी आईडी बनाकर उसकेपरिवारीजनों, रिश्तेदारों व करीबी परिचितों को पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा। इसके बाद उनको शिक्षिका पर अश्लील कमेंट व गाली -गलौज वाले मैसेज भेजे थे। साइबर क्राइम के रणधीर के मुताबिक इसके पहले छात्रा ने एक शिक्षिका की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील मैसेज व कमेंट किये थे।