फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'सपा की नाकामी बनेगी बसपा की जीत का कारण'

Mon, 16 Mar 2015 02:03 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती पर रविवार को बसपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की सपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया। साथ ही वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव जीतने का संकल्प लिया। वहीं, मीडिया से बातचीत में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सपा सरकार की नाकामी बसपा की जीत का कारण बनेगी।
विज्ञापन


बसपा ने कांशीराम के जन्म दिन के मौके पर यहां कांशीराम इको गार्डन में हर साल की तरह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। खराब मौसम व बूंदाबांदी के बावजूद बड़ी संख्या में बसपा नेता और कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव व विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, विधान परिषद के सभापति गणेश शंकर पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर, प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर, पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज, रामवीर उपाध्याय आदि ने बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ कांशीराम को श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन


इस दौरान बसपा नेताओं में भी सोशल मीडिया का जबर्दस्त क्रेज नजर आया। बसपा के विधानसभा व लोकसभा प्रभारी कांशीराम को श्रद्धांजलि देते और स्मार्टफोन से फोटो खिंचवाते और मौके पर ही फेसबुक व व्हाटसेप पर अपलोड करते नजर आए।
Trending Videos

सपा की नाकामी बसपा को फिर दिलाएगी सत्ता

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने यहां मीडिया कर्मियों से सपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल को असफलताओं, झूठे वादों और हवाई घोषणाओं का कार्यकाल बताया।

कहा, यह सरकार लैपटाप, टैबलेट, कन्या विद्याधन, बेरोजगार भत्ता, महिलाओं व बुजुर्गों के लिए साड़ी व कंबल जैसी योजनाओं का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई थी। तीन साल में सारी योजनाएं रद्दी की टोकरी में पहुंच गईं। प्रदेश का विकास मैनपुरी, एटा, इटावा, फीरोजाबाद, बदायूं, रामपुर, कन्नौज व आजमगढ़ तक सीमित हो गया। प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है।

राजधानी में लॉ स्टूडेंट की बोटी-बोटी कर हत्या कर दी गई, सही खुलासा नहीं हुआ। ढाई करोड़ की बैंक लूट हुई, सीएम ने डीजीपी को 15 दिन का समय दिया। समय बीत गया, खुलासा नहीं। सहारनपुर में तनिष्क शोरूम से 10 करोड़ की लूट हुई।

सीएम ने एक महीने का वक्त दिया। खुलासा नहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं करा पाई। गेहूं व धान किसानों को क्रय केंद्र पर बिचौलियों ने लूटा और जहां उन्होंने आवाज उठाई पीटे गए।

सरकार की कोई भी योजना तीन साल में जमीन पर नहीं पहुंच पाई। बदहाली से परेशान जनता बसपा शासनकाल को याद कर रही है। मौर्य ने कहा कि सपा सरकार की नाकामी बसपा के लिए अवसर साबित होने वाला है।
विज्ञापन

तीन साल में 160 दंगे सपा सरकार की उपलब्धि

बसपा प्रदेश कार्यालय पर रविवार को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व कोआर्डिनेटरों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर की अध्यक्षता में हुई। इसमें युवाओं को संगठन में 50 फीसदी भागीदारी देने संबंधी मायावती के निर्देश पर अमल की समीक्षा की गई। इसके अलावा मतदाता सूची के पुनरीक्षण में लगातार भागीदारी बनाते हुए पार्टी समर्थित लोगों को वोटर बनाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की जयंती पूरे उत्साह के साथ मनाने का फैसला हुआ। राजभर ने कोआर्डिनेटरों से कहा कि सपा सरकार जिस तरह तीन साल में हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है, लोगों में बड़ी निराशा बढ़ी है।

तीन साल में 160 दंगे सपा सरकार की उपलब्धि है। इससे लोगों को मायावती के शासन काल की कानून-व्यवस्था की याद आ रही है। उन्होंने कहा, बसपा के लिए यह अच्छा मौका है। 2017 का चुनाव जीतने के लिए कभी भी चुनाव मानकर पूरी ताकत से तैयारी से जुटना होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें