कोरोना टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। अब पोर्टल पर नाम अपलोड होने पर फ्रंट लाइन वर्कर व स्वास्थ्यकर्मी किसी भी जिले में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगवा सकेंगे। इसे लेकर आदेश भी जारी कर दिया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि कई फ्रंट लाइन वर्कर टीकाकरण की सूची बनने दौरान तो जिले में तैनात थे, मगर टीका लगवाने का नंबर आया तो उनका तबादला दूसरे जिले में हो गया। ऐसे में पोर्टल पर नाम अपलोड होने के बाद भी वह टीकाकरण नहीं करा पाए थे। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नया आदेश जारी किया है। अब गैर जनपद में किसी भी नजदीकी केंद्र पर फ्रंट लाइन वर्कर व स्वास्थ्यकर्मी टीका लगवा सकेंगे। उन्हें टीका लगवाने के लिए लखनऊ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
तकनीकी खामियां दूर करने के लिए कोविन पोर्टल बंद
वैक्सीनेशन के लिए बना कोविन पोर्टल हर बार दगा दे रहा है। हर चरण में कोविन पोर्टल के सर्वर डाउन होने संग तमाम खामियां सामने आ रही है। स्वास्थ्य विभाग को लाभार्थियों की मैन्युअल लिस्ट अस्पतालों को भेजने पड़ रही है। दूसरे चरण की शुरुआत तो हुई लेकिन इस बार भी पोर्टल की हालत जस की तस रही। सीएमओ डॉ. संजय भटनागर के मुताबिक, पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए शासन को अवगत कराया गया है। अभी फि लहाल 15 फ रवरी को होने वाले वैक्सीनेशन की सूची मैनुअल तैयार की जा रही है।