मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्त विभाग को पेंशनधारकों द्वारा लाइफ सर्टिफिकेट प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ऑनलाइन प्रक्रिया विकसित करते हुए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशनधारक प्राय: वरिष्ठ नागरिक होते हैं।
लाइफ सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने के लिए उन्हें बैंक, कोषागार अथवा कार्यालय जाना पड़ता है। यह कार्यवाही सम्पन्न करने में पेंशनधारकों को असुविधा होती है। इसके दृष्टिगत ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया को सहज बनाया जाए। इसके माध्यम से पेंशनधारक अपने घर अथवा कॉमन सर्विस सेंटर के द्वारा लाइफ सर्टिफिकेट प्रस्तुत कर आसानी से पेंशन प्राप्त करते रहेंगे।