लखनऊ। फैजाबाद रोड निवासी मिर्जा जहीर अली बेग ने दुबग्गा के बेगरिया स्थित ग्रीन व्यू अपार्टमेंट निवासी मिर्जा शाहरुख बेग पर खुद को मुख्तार अंसारी का शूटर बताते हुए उनके और पड़ोसी के किरायेदारों से 31 हजार वसूलने का आरोप लगाया है। मिर्जा शाहरुख व उसके 15 साथियों पर उनसे भी पांच लाख रंगदारी मांगने का भी आरोप है। मिर्जा जहीर की तहरीर पर 27 अगस्त को दुबग्गा पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जहीर के मुताबिक, शाहरुख और एक अन्य व्यक्ति ने साझेदारी में अपार्टमेंट बनवाया था। शाहरुख अपने हिस्से के फ्लैट बेच चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद वह अपार्टमेंट पर कब्जा जमाए है। जहीर का कहना है कि उनके और पड़ोसी सुमेर प्रसाद कुरील के दो-दो फ्लैट हैं, जिनमें किरायेदार रहते हैं। आरोप है कि शाहरुख और उसके 15 साथी किरायेदारों से वसूली करते हैं और विरोध पर बिजली कनेक्शन काटने व वाहनों के टायरों की हवा निकालने जैसी हरकत करते हैं।
जहीर ने आरोप लगाया कि कुछ माह पहले चौथी मंजिल के फ्लैट में रह रहे किरायेदारों को भगा दिया था। जब उन्होंने विरोध किया तो मिर्जा शाहरुख ने उनसे पांच लाख रंगदारी मांगी। बात नहीं मानने पर आरोपी ने गोली मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।