लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को कंप्यूटर साइंस विभाग की ओर से टेक फेस्ट 4.0 का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने नवाचार और रचनात्मकता से साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए।
टेक फेस्ट का मुख्य आकर्षण साइबर शो रहा। इसमें छात्रों ने नाटक से साइबर अपराध के खतरों और चुनौतियों को दिखाने के साथ ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में बताया। प्रदर्शनी के दौरान कोडिंग में रुचि रखने वालों के लिए कोडगोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सबसे कम लाइनों में कोड लिखने के कौशल का परीक्षण करने का अवसर दिया गया।
आर्टबर्स्ट पोस्टर प्रतियोगिता ने प्रौद्योगिकी की समझ को कलात्मक रूप में व्यक्त किया गया। प्राम्ए मैट्रिक्स ने एआई के क्षेत्र में संभावनाएं बताईं। मीमिफाई प्रतियोगिता में छात्रों ने कॉलेज जीवन और कक्षा के मजेदार पहलुओं पर मीम बनाए।
आविष्कारों की प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण रही। छात्रों का स्वचालित डस्टबिन व व्हील बैलेंसिंग रोबोट ने अलग छाप छोड़ी। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह, कंप्यूटर साइंस विभाग की प्रमुख डॉ. शालिनी लांबा, प्रो. राकेश पाठक, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ तरुण टंडन, संजय गुप्ता, अनिल शर्मा आदि उपस्थित रहे।