श्रावस्ती। जिले के नौ विद्यालयों में सोमवार को इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा हुई। इस दौरान भूगोल व रसायन विज्ञान की परीक्षा कराई गई। परीक्षा के दौरान तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर जायजा लेते रहे।
कटरा क्षेत्र के चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज में भूगोल की प्रयोगात्मक परीक्षा में 147 छात्रों ने हिस्सा लिया। परीक्षक शिरोमणि यादव ने परीक्षार्थियों से प्रोजेक्ट फाइल बनवाने के अलावा मौखिक प्रश्न भी पूछे। वहीं भिनगा के श्रावस्ती पब्लिक इंटर कॉलेज, चंदरखा बुजुर्ग के एकेएस पब्लिक इंटर कॉलेज, भारी गांव के बैद्यनाथ इंटर काॅलेज में रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा हुई।
उधर, वीरगंज के लॉर्ड कृष्णा पब्लिक इंटर कॉलेज, गौसपुर के फतेह बहादुर इंटर कॉलेज, लेंगडी गूलर के परमहंस राम मंगल दास इंटर कॉलेज में भी रसायन विज्ञान की परीक्षा हुई। जबकि पटना खरगौरा के जनता इंटर कॉलेज व महरौली के आचार्य चाणक्य इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा हुई। प्रयोगात्मक परीक्षा शुचिता पूर्ण ढंग से कराने के लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात थे। जो परीक्षा के दौरान भ्रमणशील रहकर जायजा लेते रहे।