कोरोना वायरस के चलते जारी लॉकडाउन के बीच सोमवार को जब शराब की दुकानें खुलीं तो भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर तो दुकान खुलने से पहले ही कतारें लग गईं। इसे देखते हुए आबकारी विभाग ने एक बार में शराब खरीदे जाने की सीमा तय कर दी है।
प्रदेश के प्रमुख सचिव आबकारी विभाग संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्रदेश में शराब की बिक्री शुरू हो गई है। तीन-चार दिन सीमित मात्रा में ही लोग शराब खरीद सकेंगे। एक बार में एक व्यक्ति सिर्फ एक बोतल, दो अद्धा, तीन पव्वा, दो बीयर की बोतल और तीन बीयर की केन खरीद सकता है।
दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए ग्राहकों के लिए घेरे बनाए गए हैं और किसी भी तरह हंगामे से बचने के लिए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
प्रदेश सरकार को पहले दिन शराब की बिक्री से बड़ा राजस्व मिलने की उम्मीद है।